शिवरीनारायण. नगर के एक किसान ने खुद के खेत की फसल दूसरों के द्वारा काट कर ले जाने की शिकायत एसपी से की है। इसके बाद भी संबंधित पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र तेंदुआ का है। नगर के राहुल सुल्तानिया ने बताया ग्राम तेंदुआ में उनकी स्वामित्व की 17.12 एकड़ कृषि भूमि है। जिस पर उन्होंने धान की फसल लगाई है। फसल पककर तैयार हो चुकी है। राहुल सुल्तानिया का आरोप है ग्राम तेंदुआ निवासी नीरज तिवारी व सूरज तिवारी पिता स्व छेदीलाल तिवारी द्वारा काटकर चोरी कर ले जाया जा रहा है। 9 नवम्बर को फसल काटकर चोरी कर ले जाने की शिकायत 112 व शिवरीनारायण पुलिस को की थी। जिस पर कोई कार्रवाई किए बिना ही दोनों भाइयों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया। 17 नवम्बर को फिर से दोनों भाई नीरज तिवारी व सूरज तिवारी द्वारा अन्य 5 साथियों के साथ फसल काटकर ले जाया जा रहा था। जिस पर राहुल सुल्तानिया ने 112 व शिवरीनारायण थाना को सूचना दी। फिर भी किसी भी प्रकार की कार्यवाही नही की गई। राहुल सुल्तानिया के अनुसार पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने से उनके धान की फसल की चोरी हो रही है। जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
पहले भी इस जमीन काे लेकर हो चुका है विवाद
“विवादित भूमि को इन लोगों ने खरीदा है। जिन पर आरोप लगाया जा रहा है, वे भी उस जमीन में हिस्सेदार हैं। यह राजस्व का मामला है तथा नवागढ़ राजस्व न्यायालय में लंबित है। फिर भी जब सूचना मिलती है, वहां आरक्षक भेजा जाता है। पहले भी इस जमीन काे लेकर विवाद हो चुका है, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध भी दर्ज किया गया था।”
-मोतीलाल शर्मा, टीआई
साभार: दैनिक भास्कर

