जशपुर. विधानसभा क्षेत्र जशपुर के मतदान केन्द्र नीमगांव एवं रातामाटी सहित अन्य मतदान केन्द्रों में चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का कलेक्टर महादेव कावरे ने सोमवार को निरीक्षण किया। रातामाटी में काम में लापरवाही मिलने पर उन्होंने बीएलओ व सचिव पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने नीमगांव में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुआयना किया। केंद्र मे उपस्थित कर्मचारियों से उनके कामों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में नाम जुड़वाने एवं मतदाता सूची से नाम विलोपित करने के लिए आए आवेदनों के संबंध में जानकारी लेते हुए मतदान केन्द्रों में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके मतदाता को फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मृत्य अथवा स्थानांतरण होकर अन्यत्र चले गए मतदाताओं का फॉर्म-7 भरवाकर नाम विलोपित करवाने के निर्देश दिए। साथ ही फार्म-8 संशोधन एवं फार्म 8-क, मतदान केन्द्र में परिवर्तन के लिए भरवाकर नाम परिवर्तित किया जा सकता है। इस दौरान कलेक्टर कावरे ने ग्राम पंचायत रातामाटी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्र में कार्यक्रम का संचालन नहीं करते पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीएलओ विजयशंकर, रातामाटी सचिव पर कार्रवाई करने एवं पर्यवेक्षक तरूण खलखो तथा अविहित अधिकारी सुषमा तिग्गा सहायक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों पर कलेक्टर से पटवारी रुक्मणी सारथी के खिलाफ मुख्यालय में उपस्थित न रहने की शिकायत की। कलेक्टर ने पटवारी रातामाटी पर भी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर आरएन पांडेय, तहसीलदार लक्ष्मण राठिया उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर

