बिलासपुर. धान खरीदी के एक दिन पहले सेंदरी में धान बेचने के लिए 150 से अधिक किसान पहुंचे। यहां किसान सुबह 9 बजे ही पहुंच गए थे। सभी को टोकन लेने की जल्दी थी ताकि वे पहले दिन अपना धान ला सकें। इस दौरान थोड़ी अव्यवस्था भी हुई और किसानों के बीच टोकन के लिए धक्का मुक्की भी हुई। किसानों की भीड़ देखकर समिति के प्रबंधक भी हैरान हो गए थे। किसी तरह समिति के संचालक मंडल व अन्य पदाधिकारियों ने किसानों को व्यवस्थित कर उन्हें लाइन लगाने को कहा। किसानों के लाइन लगाने के बाद उन्हें टोकन दिया गया। सेंदरी धान खरीदी केंद्र में 150 से अधिक किसानों के पहुंचने और अव्यवस्था होने पर खाद्य विभाग के नियंत्रक एच मसीह का कहना था कि सोशल डिस्टेंसिंग के लिए किसानों को समझाया जाएगा। फटे हुए बारदाने के संबंध में जांच की जाएगी।
सिंघरी में बबूल के पेड़ों के बीच खाली जगह पर होगी खरीदी ग्राम पंचायत लखराम के पास सिंघरी धान खरीदी केंद्र में नजारा दूसरे धान खरीदी केंद्रों से अलग हटकर है। यहां सड़क के किनारे तीनों ओर बबूल के पेड़ और बीच खाली जगह में झोपड़ी बनाकर धान खरीदी केंद्र खोल दिया गया है। सुरक्षा के लिए बाड़ आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। खुले आसमान के नीचे मंगलवार से शुरू होने वाले इस धान खरीदी केंद्र में जमीन पर धान के बोरे रखे जाएंगे।
फटे बोरे में होगी खरीदी
लखराम धान खरीदी केंद्र में समिति के कार्यालय में ताला लटक रहा था। वहां कोई नहीं था। धान खरीदी केंद्र में बाउंड्रीवॉल गिरी हुई थी। धान खरीदी केंद्र में बारदाना भी मौजूद थे जिसमें कई बारदाना फटे हुए थे।
खूंटा गाड़कर बनाया धान खरीदी केंद्र
जिन दावों के साथ धान खरीदी की बात कही जा रही है। वहां कई धान खरीदी केंद्रों में बदइंतजामी मिली। देवरी धान खरीदी केंद्र में एक दिन पहले खूंटा बस गाड़ दिया गया। मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
साभार: दैनिक भास्कर

