शहर में घूम-घूम कर बुजुर्गों की मदद की, विकलांग को ट्राइसाइकिल देने कहा
रायगढ़. बीती रात शहर के विभिन्न स्थानों पर घूमकर कलेक्टर भीम सिंह ने संवेदनशील पहल करते हुए निराश्रित, भिक्षुक व वृद्धजनों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किया। इस दौरान उन्होंने केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, बुजी भवन, सुभाष चौक स्थित हनुमान मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, शनि मंदिर, चक्रधर नगर चौक, हेमू कालानी चौक, ओवर ब्रिज के नीचे, रेलवे स्टेशन व सत्तीगुड़ी चौक इलाके में खुले में रह रहे निराश्रित जनों को ठंड से बचाव के लिए कंबल बांटे। वितरित की गई सामग्री कलेक्टर सिंह के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा निशक्त, वृद्ध, भिक्षुक व जरूरतमंद लोगों के सहायतार्थ निराश्रित निधि के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर ने लोगों से बातचीत कर उनके जीवन-यापन के बारे में जानकारी ली। साथ में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन निराश्रित जनों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लाभ पहुंचाएं। इस दौरान दिव्यांग राजाराम ने कलेक्टर से कहा कि पैर से दिव्यांग होने की वजह से उसे कहीं आने जाने में बहुत दिक्कत होती है। कलेक्टर ने मौके पर ही राजाराम को मोटाराईज्ड ट्रासायकिल देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके लिए उन्हें सोमवार को कलेक्टर कार्यालय आने के लिए कहा। केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में पानी की समस्या होने पर तत्काल निगम अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारी जांगड़े, साहू सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

