परिजन मरीज का इलाज कराने बाहर से मंगा रहे ब्लड
रायगढ़. मेकाहारा स्थित ब्लड बैंक में ए और ओ पॉजिटिव ब्लड नहीं है। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में कभी भी किसी ग्रुप के खून की जरूरत पड़ सकती है, परिजन खून देने को तैयार रहते हैं पर एक्सचेंज में भी उनको कुछ ग्रुप का रक्त नहीं मिलता। सबसे ज्यादा परेशानी बाहर से आए लोगों को हो रही है। ब्लड बैंक के जिम्मेदार कर्मचारी और अफसर कहते हैं कि ओ पॉजिटिव और ए पॉजिटिव का ब्लड स्टाक में नही है जिसके कारण मरीजों को दोनों ग्रुप नही मिल पा रहें हैं। डॉक्टरों के मुताबिक कोरोना के कारण नॉन कोविड सर्विस पर असर पड़ा है। ब्लड डोनेशन कैम्प भी नहीं हो रहा है जिसके कारण कमी हो गई है। बाहर से इंतजाम भी कर रहे हैं, पिछले दिनों 24 साल की महिला के लिए ब्लड और प्लेटेलेट्स की व्यवस्था की गई थी। मॉडल ब्लड बैंक बनना है जिसका संचालन नए भवन बनने पर होगा। डा. आनंद लकड़ा कहते हैं, कोरोना संक्रमण के बाद डोनर नहीं मिलने से इन ग्रुप के खून की कमी हुई है । बाहर से भी व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही कमी को पूरा कर लिया जाएगा ।
साभार: दैनिक भास्कर

