जांजगीर. बम्हनीडीह में शनिवार की शाम गांव के ही शिवशंकर पटेल की अधजली लाश मिली थी। रविवार को उसका पीएम कराने के लिए सीएचसी ले जाया गया। लाश जलने के कारण ड्यूटी डॉक्टर ने पीएम करने के बजाय मेडीको लीगल फोरेंसिक एक्सपर्ट से पीएम कराने के लिए सिम्स ले जाने के लिए कह दिया। इससे ग्रामीण भड़क गए और चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद शाम 4 बजे के बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। शनिवार को बम्हनीडीह के पटेल पारा के शिवशंकर पटेल (47 वर्ष) दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए गया था। शाम को उसकी हत्या होने की जानकारी उसके घरवालों को मिली। सूचना पर पहुंचे घरवालों को मौके पर शिवशंकर पटेल की अधजली व अर्धनग्न लाश मिली थी। मौके पर शराब की बोतले, डिस्पोजेबल थाली, गिलास आदि भी मिले थे। इससे आशंका है कि युवक की हत्या कर शव जलाया गया है। वैसे पुलिस दो युवकों से पूछताछ कर रही है। एसडीओपी पद्मश्री तंवर ने बताया रविवार को युवक का पोस्टमार्टम कराने के लिए सीएचसी बम्हनीडीह ले जाया गया, लेकिन वहां के डॉक्टर्स ने पीएम करने से इनकार कर दिया। इससे ग्रामीण भड़क गए और मेन रोड में चक्काजाम कर दिया। दरअसल डॉक्टर ने शव को सिम्स के लिए रेफर कर दिया था। बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण वहीं पीएम कराने की शर्त पर माने। शाम को 4 बजे के बाद पीएम किया गया। डॉक्टर्स से नाराज ग्रामीणों ने डॉ.एम एल सहारे व डॉ. अमित अग्रवाल के खिलाफ एसडीएम को शिकायत की है।
साभार: दैनिक भास्कर

