पीएमजीएसवाई के अफसरों को जानकारी नहीं, बोले: पुलिया हमारी नहीं
रायगढ़. लैलूंगा के ईश्वरपुर गांव में पीएमजीएसवाई की सड़क पर बनी पुलिया ढह गई है। इन सड़कों पर भारी वाहन की आवाजाही पर प्रतिबंध होता है लेकिन इस सड़क पर 32 टन वजन वाला हाइवा गुजर रहा था। बीच में पुलिया होने के कारण सड़क कमजोर थी। हाइवा के निकल जाने के बाद पुलिया ढह गई। ईश्वर से घटगांव जाने वाले मार्ग पर पीएमजीएसवाई सड़क की मरम्मत करा रहा है। इस काम में लगा एक हाइवा रविवार सुबह 32 टन माल लेकर गुजर रहा था। हाइवा के पार होने के बाद अचानक से पुलिया भरभराकर गिर गई। इसके बाद गांव वालों ने इसकी सूचना काम कर रहे लोगों को दी। भास्कर ने जब पुलिया गिरने के बारे में अफसरों से बात की तो पहले उन्होंने पहले पुलिया टूटने की बात खारिज की। फिर यह कहते हुए पल्ला झाड़ा कि पुलिया विभाग द्वारा नहीं बनवाई गई थी। माना जा रहा है कि पुलिया पंचायत द्वारा बनवाई गई थी। इसका निर्माण कब और कितने खर्च पर हुआ इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
टला बड़ा हादसा
किसी वाहन के गुजरने के दौरान यह पुलिया टूटी होती तो मामला और भी गंभीर हो सकता था। गाड़ी निकलने के दौरान आसपास कोई अन्य व्यक्ति भी नहीं था। इसलिए किसी को कोई चोट नहीं आई। जब तक सड़क कटी रहेगी। दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी। गांव वालों को अब ईश्वरपुर आने के लिए घटगांव की जगह भेसराबहार से होकर जाना होगा।
सड़क बनाने के दौरान हुई लापरवाही
विभाग के अनुसार सड़क उनकी नहीं है लेकिन सड़क हैंडओवर लेने के दौरान विभाग अपने स्तर पर सड़क की जांच करता है। कमियों और खामियों को देखते हुए सर्वे कर सुधारने के लिए रिपोर्ट तैयार की जाती है लेकिन विभाग ने सड़क लेने के बाद पुलिया को देखकर अनुमान लगा लिया कि वह मजबूत है। इसलिए उसे मरम्मत की कोई जरूरत नहीं होगी।
हमने नहीं बनाई थी पुलिया
“पुलिया हमारे द्वारा नहीं बनाई गई थी। टूटी तो है कोई उपाय निकालकर उसे बनाया जाएगा। हमने रिनुवल में पुलिया सुधारने का बजट नहीं बनाया था। इसलिए इसे अलग से किसी तरह बनवाया जाएगा।”
-अजय तिग्गा, ईई, पीएमजीएसवाई, धरमजयगढ़ डिवीजन
साभार: दैनिक भास्कर

