रायगढ़. 620 बोरियों से भरे सीमेंट के ट्रक को घरघोड़ा पुलिस ने कब्जे में लिया है। दरअसल बांगर सीमेंट कंपनी के मैनेजर ने ग्राहक बनकर बलौदाबाजार के डीलर से सौदा बुक किया था। सौदा कुडुमकेला में माल पहुंचाने के लिए हुआ पर डीलर ने बलौदाबाजार से ओडिशा के लिए बुक हुए माल को ही कुडुमकेला में खपाने का प्रयास किया। इस कारण कंपनी के सेल्स इंचार्ज ने गाड़ी को घरघोड़ा थाने को सौंप दिया। रायगढ़-जशपुर जिले में अमित सिंह राजपुत बांगर सीमेंट का सेल्स इंचार्ज है। कई दिनों से उन्हें ओडिशा का माल छत्तीसगढ़ में खपाने की शिकायत मिल रही थी। इस पर उन्होंने सोमवार को खरसिया के नारायणी स्टील के संचालक गगन अग्रवाल से 620 बोरी सीमेंट का सौदा 1 लाख 80 हजार रुपए में तय किया। नारायणी सीमेंट के संचालक ओडिशा का सीमेंट देने को तैयार हो गया। सोमवार को बलौदाबाजार से ओडिशा के बिल पर माल रवाना किया। रात तक ट्रक कुडुमकेला में पहुंच गया। कुडुमकेला में पहले से ही कंपनी के सेल्स मैनेजर और उनकी टीम खड़ी थी। उन्होंने ट्रक को रोककर घरघोड़ा पुलिस को सूचना दी। घरघोड़ा पुलिस ने ट्रक को जब्तकर जीएसटी अफसरों को सूचना दी है।
इस तरह से जीएसटी में गड़बड़ी करने की आशंका
माल बलौदाबाजार से ओडिशा के लिए बुक हुआ था। ई-वे बिल पर हर 100 किलोमीटर में 1 दिन की वैलिडिटी मिलती है। आशंका है कि घरघोड़ा में माल से पहले डीलर ने उसी जीएसटी बिल में दोबारा माल ओडिशा में सप्लाई कर दिया होगी। इसके बाद घरघोड़ा में माल सप्लाई की। इस तरह से एक ही बिल में वे दो बार माल सप्लाई करने का प्रयास किया हालांकि अभी केवल अंदेशा ही लगाया जा रहा है।
साभार: दैनिक भास्कर

