रायगढ़. छत्तीसगढ़ में डायल 112 से अब किसानों की धान बेचने सहित अन्य किसी भी प्रकार की समस्याओं का त्वरित निदान हो सकेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए डायल 112 की सेवा किसानों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इस धान खरीदी सीजन तक किसानों को यह सेवा मुहैया होगी। डायल 112 की सेवाएं अभी आपात स्थिति में लोगों को मुहैया हो रही है। डायल 112 में किसानों से प्राप्त शिकायतों और उनकी समस्याओं को त्वरित निदान करने कलेक्टर व एसपी को निर्देश दिए हैं। किसान अब पंजीयन रकबे की इंट्री, रकबे की कमी, गिरदावरी में किसी प्रकार की त्रुटि, धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या और आर्थिक सहायता की आवश्यकता होने पर डायल 112 में कॉल करके जानकारी दे सकते हैं। डायल 112 के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित निदान किया जाएगा।
जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर भी हुआ जारी
जिले के किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए किसान हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। किसान 18002332629, 07762-220213 पर सुबह 10.30 से शाम 6 बजे तक काल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। जिसमें किसानों के बीज, खाद, बैंकों द्वारा ऋण की वसूली में दबाव, साहूकारों द्वारा कर्ज की वसूली का प्रयास सहित अन्य समस्या विभाग द्वारा निराकरण किया जाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर

