शहर में चोरी करता था गिरोह, तीन गिरफ्तार, 9 साइकिल, फ्रीज, कूलर सहित सबमर्सिबल पंप बरामद
रायगढ़. पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते चार सालों से शहर में छोटी-मोटी चोरियां कर रहे थे। आरोपी हर बार गांव से शहर घूमने के नाम से निकलते और वापसी में किसी की साइकिल, सामान लेकर गांव चले जाते। इस बार आरोपी पकड़े गए। कुछ दिनों पहले ही राइजिंग किड्स स्कूल कुसमुरा में चोरी की घटना सामने आई थी। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में राम एक्का निवासी धनागर पकड़ा गया। आरोपी से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि उनका पांच युवकों को ग्रुप है। राम एक्का ने बताया कि वह 3-4 साल पहले गांव के अजीत उरांव के साथ गोपी टॉकीज फिल्म देखने आया था। घर जाते समय दोनों ने बड़पारा शराब दुकान के पास खड़ी दो सायकल चोरी कर ली। इसके बाद गांव से परमानंद उरांव, लालकुमार उर्फ छोटू उरांव और अर्जुन उरांव को भी कभी फिल्म देखने कभी घूमने के बहाने रायगढ़ शहर आने लगे। वापसी के दौरान वे सामान चोरी कर ले जाते। आरोपियों ने बड़पारा शराब दुकान, नटवर हाई स्कूल, मिनी स्टेडियम, तहसील आफिस के सामने, जय सिंह तालाब के पास से चोरी की थी। इसके साथ-साथ अगस्त में आरोपियों ने राइजिंग किड्स स्कूल कुसमुरा के बरामदे में रखे घरेलू सामान फ्रीज, कुलर, इंडक्शन चूल्हे को चोरी कर गांव ले गए थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनसे 9 साइकिल और बाकी सामान बरामद किए गए। तीन आरोपी राम (28), परमानंद उरांव (24), लालकुमा (24) सभी निवासी धनागर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध दर्ज अपराध 457, 380 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

