आवाज देने पर ध्यान नहीं देने से आक्रोशित पति ने कर दी पत्नी की हत्या
तुमला. शराब के नशे में धुत्त पति ने त्रिशूल और कुह्लाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपित पति,पहले भी पिता के हत्या के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। मामला जिले के तुमला थाना क्षेत्र के सराई टोली गांव की है। जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात इस गांव का निवासी आरोपित दोलोराम,धान खरीदी केंद्र से मजदूरी कर,रात तकरीबन 9 बजे घर वापस लौटा। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में धुत्त दोलो राम ने खाना देने के लिए पत्नी मृतिका बुधियारो बाई को आवाज लगाया। लेकिन शराब के नशे में बेसुध सो रही बुधियारो बाई नहीं उठी। गुस्से में आपा खोते हुए आरोपित ने घर मे रखे हुए लोहे के त्रिशूल से बुधियारो बाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुरी तरह घायल महिला,इसके बाद भी नही उठी। इस पर गुस्से से पागल हो कर आरोपित ने घर के अंदर से कुह्लाड़ी निकाल कर,उसके उल्टे ओर से पत्नी पर हमला कर दिया। गम्भीर रूप से घायल हुई बुधियारो को उसी हालत में छोड़ कर,आरोपित दूसरे कमरे में जा कर सो गया। मंगलवार की सुबह उठने पर आरोपित ने खून से लथपथ पत्नी को उठाने का प्रयास किया,लेकिन उसकी सांसे थम चुकी थी। अपने अपराध को छुपाने के लिए आरोपित ने त्रिशूल और कुह्लाडी को छुपा दिया। कुछ ही देर में हत्या की इस सनसनीखेज वारदात की खबर पूरे गांव में फैल गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुँची तुमला पुलिस की टीम ने आरोपित दोलो राम को गिरफ्तार कर लिया है। मौके की तलाशी लिए जाने पर हत्या में प्रयुक्त त्रिशूल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपित दोलो राम आदतन शराबी और आपराधिक प्रवृत्ति का है। इससे पहले भी वह, पिता के हत्या के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। लेकिन गवाह और सबूत के अभाव न्यायालय से वह बरी हो गया था। बहरहाल, तुमला पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध कायम कर लिया है।

