जिन बच्चों के गांव में नेटवर्क है पर स्मार्टफोन नहीं उनके लिए कलेक्टर ने खुलवाया ‘मोबाइल दान केंद्र’
रायगढ़. गुरुवार को कलेक्टर भीम सिंह ने 6 स्कूली विद्यार्थियों को स्मार्ट मोबाइल फोन देकर उनका उत्साहवर्धन किया। बुधवार को बैठक में कलेक्टर ने अफसर और कर्मचारियों से ज़रूरतमंद विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन गिफ्ट करने की सलाह दी थी। दूसरे ही दिन कलेक्टर ने खुद उस पर अमल किया और स्मार्टफोन बांटे। प्रशासन इसके लिए जन सहयोग भी लेगा। कलेक्टर ने शासकीय शाला उसरौट की स्कूली छात्रा नंदिनी सारथी को अपनी ओर से एक सैमसंग स्मार्ट मोबाइल फोन प्रदान कर छात्रा का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में आरपी आदित्य ने दो मोबाइल फोन लोकेश सिदार और दामिनी खडिय़ा उसरौट, जिला मिशन समन्वयक आरके देवांगन ने गुरुवारी महंत, तरसीला एक्का सहायक संचालक शिक्षा द्वारा छात्रा अंशु सारथी को, भुवेश्वर पटेल सहायक परियोजना समन्वयक ने लनय चौहान को और अखिलेश यादव प्रोग्रामर द्वारा सागर जांगड़े माध्यमिक शाला गढउमरिया पुसौर को एक-एक स्मार्ट मोबाइल फोन प्रदान किया गया। कलेक्टर ने अफसरों के साथ उद्यमियों, व्यापारियों से भी कहा है कि सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय में स्थापित मोबाइल दान केंद्र में नया या इस्तेमाल योग्य पुराना फोन दें ताकि जरूरतमंद बच्चे पढ़ाई कर सकें। दान देने वाले के सामने ही एक बच्चे के नाम से अंकित किया जाएगा और इसकी पावती दी जाएगी। शीघ्र ही यह मोबाइल किसी ऐसे बच्चे के हाथ में होगा जिसके पास पहले मोबाइल नहीं था और यह उस बच्चे के प्रति आपका सार्थक पहल होगी।
ताकि पढ़ाई में ना पिछड़ें
कलेक्टर भीम सिंह ने कहा, वर्तमान में कोविड-19 महामारी से सामान्य जनजीवन के साथ ही बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। जिले के शिक्षकों ने प्रदेश भर में सर्वाधिक ऑनलाइन कक्षाएं लेते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने का प्रयास किया है। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन, टीवी के माध्यम से कक्षाएं, सीख कक्षाएं आदि संचालित कर बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखा है। सर्वाधिक ऑनलाइन कक्षाएं लेने वाले इस जिले में कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक लगभग 5 हजार बच्चे ऐसे हैं जो मोबाइल नेटवर्क क्षेत्र में रहते है किंतु इनके पास मोबाइल नहीं है, जिन्हें मोबाइल प्रदान कर दें तो यह अपने ऑनलाइन कक्षाएं, परीक्षा की तैयारी के अलावा शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों को दूर कर पाएंगे।
साभार: दैनिक भास्कर

