किसान ने दूसरे की साढ़े तीन एकड़ खेत को ठेके पर लेकर की थी बोआई, आगजनी से सालभर की मेहनत बर्बाद
देवरी-चांपा. ग्राम पंचायत कड़ारी में कटाई बाद खेत में बने खरही पर बुधवार को अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही किसान ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। आग की लपटें तेज होता देख ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड भी बुलाया, लेकिन फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले ही मौके पर रखी धान जलकर खाक हो गई। कड़ारी निवासी शिवफल चौहान पिता झुलसाय चौहान ने लछनपुर निवासी विमल सिंह ठाकुर के साढ़े तीन एकड़ जमीन लछनपुर कड़ारी खार के खेत को धान बुआई के लिए ठेके पर लिया था। बुधवार की शाम करीब 7 बजे शिवफल चौहान को उनके खेत में धान की फसल को आग लगने की सूचना मिली। आगजनी की खबर मिलते ही किसान तत्काल खेत पहुंचा और खरही में लगे आग को ग्रामीणों की मदद से मोटर पंप बुझाने की कोशिश करने लगा, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। ग्रामीणों ने फोन कर जांजगीर से फायर ब्रिगेड बुलावाया लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण तबतक पूरा धान मौके पर ही जलकर खाक हो गया।
किसान को डेढ़ लाख रुपए का नुकसान
घटना की सूचना पीड़ित किसान ने बाराद्वार पुलिस थाने में दी है। साथ ही उसने इस आगजनी की घटना में करीब डेढ़ लाख रुपए की आर्थिक क्षति और सालभर की मेहनत पर पानी फिरने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में पीड़ित किसान की सूचना पर अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

