अंजोरीपाली-पत्थलगांव व घरघोड़ा-छाल सड़क का शुरू हुआ सर्वे
रायगढ़-धरमजयगढ़, रायगढ़. जिले में 201 किलोमीटर लंबी तीन प्रमुख सड़कें बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने सर्वे शुरू कर दिया है। सालों से जर्जर इन सड़कों को न केवल नए सिरे से बनाया जाएगा बल्कि इनकी चौड़ाई भी बढ़ेगी। पीडब्ल्यूडी के अनुसार कुछ दिनों में इस्टीमेट बनाकर प्रशासन को भेज दिया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद रायगढ़-धरमजयगढ़, अंजोरीपाली-पत्थलगांव और घरघोड़ा-छाल सड़कें बनाई जाएंगी। जिन तीन सड़कों का सर्वे किया जा रहा है उनकी कुल लंबाई 201 किलोमीटर है। इनपर लगभग 750 करोड़ रुपए खर्च आएगा। दरअसल यह सड़कें सालों से जर्जर पड़ी हुई हैं। राज्य सरकार ने पीडब्ल्यूडी से इन सड़कों का सर्वे कराकर भेजने के लिए कहा है। पीडब्ल्यूडी हफ्ते के भीतर ही सर्वे पूरा कर अपना इस्टीमेट शासन को भेजेगा। मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। सड़क 13 मीटर चौड़ी बनाई जानी है। डामर की पूरी परत उधेड़कर सड़कें दोबारा बनाई जाएंगी। डामर की जगह इस्टीमेट कांक्रीट रोड के लिए बनाया जा रहा है।
अभी सड़क कहीं 5 तो कहीं सात मीटर है चौड़ी
अभी सड़कों की चौड़ाई 5 मीटर तो कहीं 7 मीटर (लगभग 23 फीट) है। वहीं सड़कों के किनारे पेव्ड शोल्डर (पिचिंग किए हुए किनारे) नहीं है। सड़क की चौड़ाई अब 10 मीटर रखी गई है। सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर के शोल्डर बनेंगे। सड़क पूरी तरह से किनारों से जुड़ जाए और धूल ना उड़े।
एडीबी में भी शामिल धरमजयगढ़-रायगढ़ रोड
एशियन डेवलपमेंट बैंक के लोन से जिन सड़कों की मरम्मत की जानी है। इसमें रायगढ़-धरमजयगढ़ मार्ग भी शामिल है। परियोजना के यह चौथे स्टेज में शामिल है। माना जा रहा था कि यह सड़क एडीबी परियोजना के तहत ही बन जाएगी। विभाग के अनुसार सभी योजनाओं को एक में मिलाकर सड़कों को दुरुस्त कराने की प्लानिंग चल रही है।
एसईसीएल खदान तक 42 करोड़ की सड़क
घरघोड़ा बायपास से जामपाली एसईसीएल खदान तक सड़क के रिकंस्ट्रक्शन के लिए 42 करोड़ 46 लाख रुपए की स्वीकृति पीडब्ल्यूडी को मिली है। इससे घरघोड़ा बायपास से खदान के बीच में बसे लोगों का बड़ी राहत मिलेगी। यह सड़क जर्जर है, यहां धूल का बादल बना रहता है, इसलिए सड़क को बनाए जाने की मांग भी लंबे समय से थी।
हमने शुरू करा दिया है सड़कों का सर्वे
“उच्चाधिकारियों से आदेश मिलने के बाद हमने सड़क के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। 13 मीटर चौड़ाई वाली सड़क के हिसाब से सर्वे किया जा रहा है। रायगढ़ से धरमजयगढ़ और अंजोरीपाली (डभरा) से पत्थलगांव तक की दोनों सड़कों पर सर्वे चल रहा है।”
-आरके खामरा, ईई, पीडब्ल्यूडी
साभार: दैनिक भास्कर

