जांजगीर. दहेज के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने वाले आरोपी पति को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में दो अन्य आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिली हुई है। पामगढ़ थाना प्रभारी एसआई केपी टंडन के अनुसार खरखौद के नोखलाल केंवट का विवाह करीब ढ़ाई साल पहले सविता केंवट से हुई थी। पुलिस के अनुसार नोखलाल शराबी व जुआरी था। शादी के बाद से वह अपनी मां व बड़ी बहन के साथ मिलकर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा था। जिससे परेशान होकर उसकी पत्नी सविता केंवट ने 17 सितंबर काे कीटनाशक दवा खा ली थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतका सविता के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। विवेचना के बाद पुलिस ने पति नोखलाल केंवट, सास कमला बाई, डेढ़सास हेमकुमारी के खिलाफ धारा 498, 306, 34 के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपियों में कमला बाई व हेमकुमारी ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसमें दोनों को अग्रिम जमानत मिल गई थी। फरार आरोपी पति नोखलाल केंवट को गिरफ्तार कर लिया है।
साभार: दैनिक भास्कर

