रायगढ़. सोमवार को जिले में 118 संक्रमित मिल वहीं घरघोड़ा ब्लाक के 36 साल के एक संक्रमित की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज लैब की आरटीपीसीआर जांच वाली मशीन में गड़बड़ी आने और ज्यादा सैंपल आने के कारण बैकलॉग बढ़ गया है। पहले जो रिपोर्ट एक दिन में मिलती थी अब चार दिन लग रहे हैं। रायगढ़ के साथ ही जशपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा जिले से सैंपल ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टरों ने कहा, जशपुर के सैंपल अंबिकापुर भेजने के लिए कहा जा रहा है, बैकलॉग खत्म होने में चार-पांच दिन लगेंगे। माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ राकेश कुमार ने बताया कि चार जिलों में आरटीपीसीआर जांच के लिए 1800 का टारगेट है लेकिन 24 सौ से अधिक सैंपल आ रहे हैं। अभी भी इसे क्लियर करने में एक-दो दिन का समय लगेगा। जिलों में 2 हजार से अधिक सैंपल लिया जा रहा है, इसमें आरटीपीसीआर के साथ एंटीजन और ट्रूनेट से भी जांच कराई जा रही है। एमसीएच अस्पताल में कोरोना संक्रमण के कारण घरघोड़ा चुहकीमार के युवक की मौत हुई, डॉक्टरों के मुताबिक उसका लीवर खराब हो चुका था।
हेल्थ अफसर भी संक्रमित
कोरोना संक्रमण के खतरे में स्वास्थ्य विभाग के अफसर भी आ गए है। कोविड- 19 कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और सैपलिंग काम लगे एनएचएम अफसर और एपिडेमियोलॉजिस्ट विभाग के अफसर भी इसके चपेट में आ गए हैं। एक अफसर स्थिति गंभीर होने के बाद उन्हें रायपुर एम्स में रिफर करना पड़ा। इसी तरह विभाग कुछ कर्मचारी भी कोरोना संक्रमण चपेट में आए हैं। सोमवार को पंडरीपानी से चार संक्रमित मिले। शहर से भी काफी मरीज मिले हैं। अभी जिले में 972 एक्टिव मरीज है। जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 21 हजार के करीब पहुंच गई है।
साभार: दैनिक भास्कर

