17 दिसंबर से साफ हो सकता है मौसम
रायगढ़. सोमवार को सुबह से दोपहर तक धूप के साथ हल्के बादल छाए रहे। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट हुई। ठंडी हवा के कारण ठिठुरन महसूस हुई। न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 17 डिग्री दर्ज किया गया । मौसम विभाग के मुताबिक मौसम या यह मिजाज अगले तीन दिन तक बना रहेगा। मंगलवार शाम भी हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि मध्य भारत में उत्तर पश्चिम से हवा तथा दक्षिण पूर्व से आने वाली हवा के मिलने से आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके असर से प्रदेश में कई जगहों पर हल्की फुहार गिरी है। 15 दिसंबर को प्रदेश के मध्य और उत्तर क्षेत्र में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है फिर भी अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट संभावित है। न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बुधवार को भी बादल छाए रहेंगे। 17 दिसंबर से प्रदेश में उत्तर पूर्व से हवा आने के कारण से मौसम साफ होने तथा अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। इससे रात के वक्त ठंड लगेगी। धूप सेंकने वाली दोपहर का अभी इंतजार करना पड़ेगा।
साभार: दैनिक भास्कर

