दल से बिछड़ा हाथी नारायणपुर में कर रहा विचरण
जशपुर. नारायणपुर क्षेत्र में लगातार हाथियों के मौजूदगी से क्षेत्र के लोग दहशत में है। हाथियों का दल नारायणपुर के रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचकर दो ग्रामीणों के घर तोड़ दिए। ऐसे में क्षेत्र के ग्रामीण दहशत में है। रविवार की रात नारायणपुर बस्ती में दल से बिछुड़ा हाथी रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया। भूख लगने पर उसने लगभग 11 बजे दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, उसमें रखे धान को खा लिया। एक हाथी जो दल से अलग रहता है। रात 10 बजे बादलखोल अभयारण्य के रेंजर कालोनी में घुसा, उसे वहां से भगाया गया, वही हाथी थाना के पीछे होते हुए कन्या हाई स्कूल को पारकर बजरू राम भगत के घर को अपना निशाना बनाया और घर को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया। घर के पास हाथी के पहुंचने के बाद घर में रह रहे लोग बाल-बाल बचे। घर तोड़ने के बाद यह हाथी रिहायशी क्षेत्र पार करते हुए स्टेट हाइवे सड़क के किनारे राजकुमारी प्रधान के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखे धान को 15 से 20 मिनट तक खाता रहा। धान को खाने के बाद घर में रख बर्तनों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर हाथी को गांव से खदेड़ा। हाथी से बजरू भगत और राजकुमारी का परिवार बाल बाल बचा। गांव में हाथी आने की सूचना मिलने पर रात को ही अभयारण्य की टीम मौके पर ही पहुंच गई थी। जिले में 20 हाथी विचरण कर रहे हैं। तपकरा वन परिक्षेत्र में 6 हाथी और कुनकुरी में 8 हाथी विचरण कर रहे हैं। 8 हाथियों में 1 हाथी अकेला एवं 7 हाथी दल में घूम रहे हैं। मनोरा वन परिक्षेत्र में 1, दुलदुला वन परिक्षेत्र में 2 एवं जशपुर वन परिक्षेत्र में 3 हाथियों का दल विचरण कर रहा है।
साभार: दैनिक भास्कर

