जांजगीर. नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा में एक युवक की अज्ञात हत्यारों ने हत्या कर दी। हत्यारों ने सोए हुए युवक के सिर में धारदार हथियार से वार किया और उसकी आंख में ज्वलनशील पदार्थ भी डाल दिया। गुरुवार की सुबह युवक की बहनों ने अपने भाई को मृत अवस्था में देखा। पुलिस अभी हत्या के कारणों व हत्यारों के तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार खिसोरा के युवक मनोज कुर्रे पिता मेलाराम कुर्रे अपने घर में दो बहनों के साथ रहता था। उसकी शादी मुड़पार में तय हुई थी। बताया जा रहा है कि उसकी शादी जनवरी-फरवरी में होना तय हुई थी। पुलिस के अनुसार युवक का खाना वहीं होता था। रात में वह गांव आकर सोता था। बुधवार की रात भी वह खाना खाकर आया और सो गया। गुरुवार की सुबह वह उठा नहीं तो बहन पास जाकर देखीं तो पता चला कि उसके सिर से खून बह रहा है और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉयड आदि पहुंचा। पूछताछ की जाती रही, पर पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
साभार: दैनिक भास्कर

