जशपुर. बादलखोल अभयारण्य में लकड़ी की तस्करी के फरार आरोपी को पुलिस ने 5 महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। बादलखोल अभयारण्य नारायणपुर रेंज के साहीड़ांड़ सर्किल रमसमा बीट के आरएफ क्रमांक 63 डहकु तला में 4 अगस्त की रात अवैध तस्करों ने लगभग एक लाख का सागौन काटकर ले जाने की योजना बनाई थी। रात में इलेक्ट्रिकल आरी की मदद से 2 से 3 सागौन के पेड़ काटने के बाद वे उसे वाहन में लोड कर रहे थे। उसी दौरान तस्करों ने सागौन की कुछ बल्ली को भी पिकअप में लोड कर लिया,लेकिन ग्रामीणों के अचानक मौके पर पहुंचने से वे वाहन छोड़ भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुछ घंटे में ही वाहन चालक को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि मामले का मास्टर माइंड रामनाथ पिता रामकिशुन 26 साल घोईडांड़ हल्दीमुडा निवासी है। वन विभाग की टीम मास्टर माइंड की तलाश में आगे निकली, लेकिन मास्टर माइंड फरार होने में सफल हो गया। लगातार वन विभाग की टीम ने दो दिन दबिश देने के बाद भी रामनाथ को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली थी। मंगलवार को मुखबीर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मुख्य आरोपी रामनाथ को सुबह 4 बजे छापामाकर िगरफ्तार कर लिया। उसे 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी रामनाथ ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से आरोपी झारखंड के कसडेगा स्थित ससुराल में छुपा था। आरोपी ने बताया कि उसने सागौन को बनडेगा के सबीर खान को बेचा था। मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार गेम सुफरवाइजर को भी निलंबित कर दिया गया था। वन विभाग ने बताया कि सभी पांच आरोपी को पकड़ लिए गए हैं। अब वाहन मालिक को नोटिस भेजा जाएगा और बयान लेकर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
साभार: दैनिक भास्कर

