संजय काॅम्प्लेक्स पहुंचे प्रभारी आयुक्त, लोगों ने निगम से दुकान लेकर किराए पर लगा रखी हैं
रायगढ़. निगम के प्रभारी आयुक्त टीम लेकर अचानक संजय कॉम्प्लेक्स में जांच के लिए पहुंचे। परिसर में मौजूद 95 दुकानों में से केवल 1 ने ही दस्तावेज दिखाए। बाकी 94 दुकानदारों के पास दुकान आवंटन या उससे संबंधित कोई कागज नहीं मिला। इन्हें नोटिस देकर 1 हफ्ते का समय दिया गया है, कागज नहीं दिखाने पर उन्हें बेदखल किया जाएगा। प्रभारी आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने संजय कॉम्प्लेक्स की आवंटित दुकानों का निरीक्षण किया। आयुक्त ने एक टीम का गठन किया था। परिसर में 103 दुकानें हैं, लेकिन 95 लोग इसे संभाल रहे हैं। इन 95 लोगों में 94 लोगों के पास दुकान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं थे। आयुक्त ने कहा, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में नगर निगम अधिनियम 1956 में दिए गए प्रावधानों के तहत दुकान सील की जाएगी। शहर के अन्य इलाकों में स्थित दुकानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
निगम के ज्यादातर परिसर में है ऐसा ही हाल
निगम के ज्यादातर कॉम्प्लेक्स की दुकानों का किराया कम है। आवंटन के दौरान लिया जाने वाला प्रीमियम भी कम है। राजनीतिक दलों से संबंध रखने वालों के साथ ही जुगाड़ वाले व्यवसायी और दबंगों ने हर कॉम्प्लेक्स में दुकान ली हुई है। ये दुकानें किराए पर दी गई हैं। कुछ दुकानों पर बेजा कब्जा भी है। ऐसी शिकायतों के बाद प्रभारी आयुक्त ने टीम लेकर निरीक्षण किया।
साभार: दैनिक भास्कर

