जशपुर. 24 दिसंबर की रात से शहर सहित जिले भर में ठंड में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। सुबह व शाम के वक्त ठंड से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिर चुका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक यही तापमान बना रहेगा। साेमवार को तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। ठंड की वजह से रोजाना सुबह धुंध छा रहे हैं। सुबह के वक्त कई इलाकों में कोहरा इतना घना होता है कि 50 मीटर दूर की वस्तु भी नजर नहीं आती है। वहीं पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई है।
सर्द हवाओं ने पाठ इलाके में बढ़ाई ठंड
शहर में हवाएं शांत हैं लेकिन पाठ इलाकों में तेज हवाओं के कारण ठंड और भी ज्यादा बढ़ गई है। उन इलाकों में एक पल भी बगैर गर्म कपड़ों के रह पाना मुश्किल है। सुबह के वक्त ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो जा रही हैं। दिनभर ठंड का अहसास हो रहा है। ठंड से राहत पाने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण गर्म कपड़ों का सहारा लेने के लिए मजबूर हैं।
सुबह 9 बजे तक और शाम 4 बजे के बाद ज्यादा ठंड
दिन में सुबह के वक्त ठंड के कारण कमरे से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह 9 बजे तक एेसा लगता है जैसे अभी-अभी सूर्योदय हुआ हो। सुबह के वक्त धूप से भी कुछ खास राहत नहीं मिल पा रही है। दोपहर में करीब तीन से चार घंटे धूप लोगों को राहत दे पा रही है। शाम 4 बजे से फिर से कंपाने वाली ठंड का एहसास लोगों को हो रहा है।
स्वास्थ्य: सांस व दिल के मरीज रखें सावधानी
बढ़ी हुई ठंड का लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। गठिया, आर्थराइटिस के मरीजों को जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ गई है। चर्मरोगियों की परेशानी भी बढ़ गई है। डॉक्टरों ने गठिया, श्वास संबंधी रोगों के मरीज, हार्ट के मरीजों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने को कहा है। ऐसे लोग सुबह जल्दी ना उठें और ठंड से बचें। शरीर की सिंकाई करें और स्किन को रूखा ना रहने दें।
साभार: दैनिक भास्कर

