बिना टीपी के ले जा रहे थे रेत और गिट्टी
रायगढ़. खनिज विभाग ने बुधवार सुबह से देर रात तक बिना टीपी के खनिज के अवैध परिवहन पर पांच हाइवा, दो डंपर और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त वाहन थानों को सुपुर्द किए गए हैं। कलेक्टर ने खनिज, राजस्व और आरटीओ के अमले को ओवरलोडिंग और बिना टीपी की गाड़ियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसे देखते हुए लगातार गाड़ियों पर कार्रवाई की जा रही है। सारंगढ़ और चंद्रपुर इलाके से रायगढ़ और घरघोड़ा जा रही गाड़ियां जब्त की गई हैं। गाड़ियों के ड्राइवरों से परिवहन विभाग के अधिकारियों ने पूछताछ की तो उन्होंने यह नहीं बताया कि किस क्रशर से माल निकला और कहां जा रहा था। सारंगढ़ में भी बुधवार की सुबह गुड़ेली और छर्रा, छतौनी में खनिज विभाग ने तीन ट्रैक्टर और दो डंपर जब्त किए गए। ग्राम छर्रा छतौना में पहले दबिश दे कर बालू भरे तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। यहीं से बालू ले कर आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाता है। दो हाइवा जब्त की गई हैं जो गुड़ेली से आ रही थीं। इसमें लदी गिट्टी सराईपाली जा रही थी।
साभार: दैनिक भास्कर

