जिंदल के महाप्रबंधक ने गूगल में सर्च किया था फर्जी प्रतिनिधि का नंबर
रायगढ़. खुद को पतंजलि का प्रतिनिधि बताकर एक ठग ने जिंदल के जनरल मैनेजर से एक लाख की ठगी कर ली है। मैनेजर जिंदल डेयरी के गोमूत्र और गोबर के निस्तारण के लिए गूगल में उपाय ढूंढ रहे थे। गूगल में एक नंबर मिला, जीएम ने उन्होंने संपर्क किया। जिस पर ठग ने उन्हें गोबर और गोमूत्र खरीदने के लिए एग्रीमेंट करने के नाम पर 1 लाख रुपए ऐंठ लिए। सूचना के बाद कोतरा रोड पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड पतरापाली के महाप्रबंधक (प्रशासन) ने कोतरा रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के डेयरी फार्म में लगभग 150 गाय हैं। गोमूत्र और गोबर निस्तारण के लिए महाप्रबंधक गूगल सर्च इंजन पर तरीका तलाश रहे थे। उन्होंने गूगल में 20 अक्टूबर 2020 को पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड हरिद्वार सर्च किया। दो दिन बाद 22 अक्टूबर को डॉक्टर सुनील गुप्ता नाम के व्यक्ति ने खुद को पतंजलि का प्रतिनिधि बताकर संपर्क किया। उसने गोबर 30 रुपए प्रति किलो और गोमूत्र 130 रुपए प्रति लीटर खरीदी करने की जानकारी दी। इसपर दोनों पक्षों के बीच बात हुई। ठग ने पतंजलि के नोट पैड में एक एग्रीमेंट बनाकर भेजा। जिसमें जिंदल के जनरल मैनेजर को 25 हजार रुपए पंजाब नेशनल बैंक हरिद्वार में पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के बैंक खाते में जमा कराने की बात कही। 75 हजार रुपए सुरक्षा निधि के रूप में जमा करने के लिए कहा। उसकी बातों में आकर प्रबंधन ने रुपए जमा करा दिए। काफी दिनों तक डॉक्टर ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। इसके बाद पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड हरिद्वार से संपर्क किया गया। उन्होंने डा. सुनील गुप्ता नाम के किसी व्यक्ति के संस्था में नहीं होने की बात कही गई।
ठगी में गूगल का इस्तेमाल फर्जी नंबरों से लगातार ठगी का शिकार हो रहे लोग
गूगल में किसी संस्था का नाम सर्च करने पर उसी संस्था के नाम से कई नंबर आते हैं। जिसे ठग ही अपनी सुविधा के लिए डालकर रखते हैं। कुछ दिन पहले इसी तरह लैलूंगा में एक शिक्षक के खातों से लगभग 21 लाख रुपए की ठगी की गई थी। उन्होंने भी गूगल में नंबर सर्च किया था। आज के मामले में भी आरोपी ने खुद को पतंजलि का प्रतिनिधि बताकर वाट्सएप पर जानकारी भेजी थी। इसके अलावा सर्च इंजन में किसी के बारे में जानकारी निकालने पर भी कई तरह के फ्रॉड कॉल अपने आप ही आ रहे हैं।
अन्य प्रदेशों में भी ऐसे ही मामले उत्तराखंड में बदमाश ने इसी तरह ठगी की
मामले में जब हमने आरोपी का नाम सर्च कर जानकारी टटोलनी शुरू की तो पता चला कि इसी नाम के व्यक्ति ने खुद को पतंजलि का सेल्स मैनेजर बताकर उत्तराखंड के रुद्रपुर में अगस्त 2020 में ठगी की है। एक औषधीय दवा विक्रेता से माल लेने के बहाने लगभग ढाई लाख की ठगी की थी। आरोपी ने यहां कंपनी का कोड भी दिखाया था। और कंपनी के नाम से भी बैंक में रुपए जमा कराए थे। दवा विक्रेता ने ठगी के बाद रुद्रपुर के कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
साभार: दैनिक भास्कर

