रायगढ़. सरिया थाने में रविवार को एक महिला कांस्टेबल की गोदभराई की रस्म पूरी की गई। महिला आरक्षक के पति जम्मू कश्मीर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जब सरिया थाना प्रभारी को पता चला कि महिला कांस्टेबल की गोदभराई है तो उन्होंने स्वयं अपनी पत्नी के साथ मिलकर महिला के गोदभराई की रस्म पूरी की।
पुलिस की इस मानवीय पहल की जिलेभर में चर्चा है। दरअसल सरिया थाना क्षेत्र में पदस्थ महिला कांस्टेबल लीलावती अपनी ससुराल से दूर मायके में है। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान उनके पति जम्मू-कश्मीर में तैनाती के कारण घर नहीं आ सके। गर्भवस्था में महिला कांस्टेबल अपनी ससुराल ओडिशा नहीं जा पा रही हैं। इसकी जानकारी सरिया टीआई डीके मार्कंडेय को पता चली तो उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ महिला कांस्टेबल लीलावती उरांव की गोद भराई की रस्म रीति रिवाज से पूरी की। महिला कांस्टेबल लीलावती अपनी मां के साथ सरिया में रहती हैं। गोद भराई की रस्म थाने में की गई। महिला आरक्षक की गोद में तमाम उपहार डालकर उसे सभी स्टाफ ने दीर्घायु और बच्चे के लिए शुभकामनाएं दीं।
साभार: दैनिक भास्कर

