जशपुरनगर 17 मार्च 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिले के सभी विकासखण्ड में एक-एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय निर्माण के लिए अधिकारियों की बैठक ली। इस अवसर पर मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मंडावी, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री टी. एक्का, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एन. कुजूर, प्राचार्य संकल्प श्री विनोद गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में चिन्हाकित विद्यालयों की आवश्यक मरम्मत, विद्यालयों का पंजीयन, विद्यार्थियों का प्रवेश, गणवेश निर्धारण, शिक्षकों की भर्ती, सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में अंग्रेजी माध्यम विद्यालय प्रारंभ करने के लिए विकासखंडों में चिन्हाकित शासकीय विद्यालयो की मरम्मत, रंग रोगन, पुट्टी, टाईल्स, दरवाजे खिड़कियों की रिपेयरिंग, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस हेतु उन्होंने ईई आरईएस श्री एक्का को व्यक्तिगत रूप से सभी चिन्हाकित विद्यालयो का विजिट कर आवश्यक कार्यो की जानकारी लेने की हिदायत दी। श्री कावरे ने अंग्रेजी माध्यम के साथ ही हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चालू शैक्षणिक सत्र में स्कूली बच्चों की परीक्षा में कोविड-19 गाईडलाइन का पालन करते हुए परीक्षा सम्पन्न कराने की हिदायत दी। साथ ही उन्हांेने कहा कि अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मंे कक्षा 1 से 12वीं तक प्रत्येक क्लास में 40-40 बच्चे रहेंगे। जशपुर के शासकीय नवीन अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, बालक शौचालय निर्माण के शेष कार्यो को जल्द से जल्द पूर्ण कराने की हिदायत दी।


