जशपुरनगर 20 जुलाई 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने विगत दिवस विकासखंड पत्थलगांव के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व व तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय से संबंधित विवादित, अविवादित, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, डायवर्सन, राजस्व वसूली, बटांकन, आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री श्रीकृष्ण जाधव, सीईओ जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव श्री योगेंद्र श्रीवास सहित तहसीलदार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं तहसील कार्यालय की कानूनगो शाखा, नाजिर शाखा, पंजीयन शाखा सहित अन्य शाखाओं में संचालित कार्यों का अवलोकन करते हुए कार्यालयों में संधारित किए जाने वाले सर्कल नोटबुक, पटेल पंजी, कोटवारी पारिश्रमिक का भुगतान, सेवा पुस्तिका सहित अन्य पंजियों एवं फाईलो का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी के संबंध में भी जानकारी ली एवं सभी कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट रखने एवं कर्मचारियों को सेवा भाव के साथ कार्य करने की बात कही।
उन्होंने लोक सेवा सेवा गारंटी के कार्यों का भी निरीक्षण कर दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के कार्यो में शामिल है। लोक सेवा गारंटी के तहत जारी किए जाने वाले प्रमाण पत्र विभिन्न शासकीय कार्यों में उपयोग किए जाते हैं। इसलिए इनका नियत समय में निराकृत होना आवश्यक है। इसके साथ ही 2 वर्ष से अधिक के लंबित समस्त राजस्व प्रकरणों को भी यथाशीघ्र जांच पूर्ण करा निराकृत करने के निर्देश भी दिए गए। इस हेतु राजस्व अधिकारियों को अपने न्यायालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने एवं नियमित रूप से प्रकरणों की सुनवाई करने के निर्देश दिए।


