रायगढ़, 31 जुलाई2021/ छत्तीसगढ़ शासन के गृह मंत्रालय से जारी निर्देश के परिपालन में चिटफंड कंपनियों के निवेशकों से निर्धारित प्रपत्र में 2 से 6 अगस्त 2021 तक आवेदन लिए जायेंगे। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री भीम सिंह ने इस कार्य को संपादित करने हेतु जिला स्तर पर पर डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ श्री रोहित सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जारी आदेश के अनुसार चिटफंड कंपनी में निवेश करने वाले निवेशक 2 से 6 अगस्त तक निर्धारित प्रपत्र में सभी आवश्यक जानकारियों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित प्रपत्र में आवेदक अपना नाम, पता सहित चाही गई जानकारी जैसे वित्तीय संस्थान का नाम, जमा करने की तारीख एवं स्थान, एजेंट का नाम आदि के साथ फार्म प्रस्तुत कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त एसडीएम एवं जनपद सीईओ को अपने अधीनस्थ अमलों के द्वारा उक्त संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा निवेशकों से संलग्न प्रपत्रानुसार आवेदन मय दस्तावेज प्राप्त करने हेतु जनपद पंचायतों एवं सभी नगरीय निकायों में हेल्प डेस्क स्थापित करने एवं नामित अधिकारी एवं कर्मचारी का नाम, मोबा.सहित जानकारी कलेक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है।


