प्राचार्य व कर्मचारियों को को दिए आवश्यक निर्देश
रायगढ़ :- शासन के आदेशानुसार कोतरा एवं कोड़ातराई में स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालन प्रारंभ होने जा रहा है। विगत दिनों कलेक्टर श्री भीम सिंह ने इन विद्यालयों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था व स्कूल संचालन से संबंधित तैयारियां जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। उसी तारतम्य में आज जिला शिक्षा अधिकारी श्री आरपी आदित्य व जिला मिशन समन्वय समग्र शिक्षा श्री रमेश देवांगन द्वय ने हायर सेकेंडरी कोतरा एवं हायर सेकेंडरी कोड़ातराई विद्यालयों का पुनः निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान इन दोनों विद्यालयों में डीईओ ने अंग्रेजी माध्यम की तैयारी के दृष्टिकोण से प्राचार्य व समस्त स्टाफ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि,”हिंदी माध्यम के सभी शिक्षक वही रहेंगे व हिंदी माध्यम के बच्चों को पढ़ाएंगे। किसी भी शिक्षक का स्थानांतरण नहीं होगा। और वेतन भी कोषालय से ही आहरण होगा। सिर्फ विद्यालय का नाम स्वामी आत्मानंद होगा जो समिति के अधीन होगा। तथा यहां अंग्रेजी और हिंदी माध्यम अलग-अलग पाली में संचालित होंगे।निरीक्षण के दौरान डीईओ ने यहां शैक्षणिक तथा मूलभूत कमियों का निरीक्षण करते हुए अध्ययन अध्यापन सहित अन्य बिंदुओं पर विशेष निर्देश दिए
हायर सेकेंडरी कन्या कुसमरा का भी हुआ निरीक्षण
सोमवार को डीईओ श्री आरपी आदित्य ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमरा का सूबह 11 बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि,कन्या हायर सेकेंडरी कुसमुरा दोपहर 11.50 बजे से संचालित हो रहा था। इस वजह से उक्त विद्यालय का पुनः 12:30 बजे निरीक्षण किया गया तो यहां के प्राचार्य द्वारा अवगत कराया गया कि,उक्त विद्यालय का संचालन 11.50 से किया जाता है। जिस पर डीईओ ने प्राचार्य को निर्देश दिया कि,अब से विद्यालय का संचालन 10 से 4 बजे तक नियमानुसार कराया जाए। साथ ही महाविद्यालय के लिए अनुमति एवं कक्षा संचालन की आवश्यकता होने पर समय परिवर्तन हेतु पुनः सूचित किया जाए। डीईओ ने यहां अध्ययन अध्यापन को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए


