शिवपुरी.. जिले के पोहरी नगर में सोमवार सुबह एक पेड़ से बहती जल धारा को देखकर लोग चौंक गए। देखते ही देखते पेड़ के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में लोग जल धारा देखने के लिए उमड़ पड़े। लोगों ने गंगा मैया की जय के साथ जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना की।
जानकारी के अनुसार पोहरी नगर के मुख्य बाज़ार के ब्लॉक रोड पर सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों को शीशम के पेड़ से पानी बहता हुआ दिखाई दिया। लोगों ने करीब से जा कर देखा तो पेड़ से स्वच्छ जल की धारा बह रही थी, जिसे देख लोग हैरत में पड़ गए और देखते ही देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने जलधारा को गंगा मैया का रूप मानकर पूजा अर्चना की। पेड़ से जलधारा निकलने की खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग पेड़ के आसपास इकट्ठा हो गए।
गोपी जाटव ने बताया कि वह सुबह से देख रहे हैं कि पेड़ से निकलता पानी बंद नहीं हुआ है गोपी जाटव ने इसे गंगा माई का चमत्कार बताया है। वहीं, पोहरी एसडीएम बी नाडिया का कहना है कि उन्हें भी पेड़ से पानी बहने की सूचना प्राप्त हुई है। जांच कराने के बाद असल मामला स्पष्ट हो सकेगा।


