छातासराई में हुई पटवारियों से मारपीट के मामले में पुलिस को मिली पहली सफलता, आरोपी महेन्द्र को बागबहार पुलिस ने पत्थलगांव से किया गिरफ्तार
पत्थलगांव। पटवारियों के साथ मारपीट के मामले में बागबहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस द्वारा एक आरोपी को पत्थलगांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने जल्द ही अन्य सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का भरोसा भी दिलाया है। मिली जानकारी के अनुसार 28 जून को बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम छातासराई में जमीन का सीमांकन करने गए पटवारियों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया था। पटवारी हल्का नं 19 अमीलाल राठिया और पटवारी हल्का नं 30 रविकांत सोनी नायब तहसीलदार बागबहार के आदेश पर आवेदक लीलाराम पिता मुनु की भूमि की नाप-जोख कर रहे थे, इसी दौरान लीलाराम,महेन्द्र,रामेश्वर और हिमाद्री समेत आवेदक और उसके परिवार के अन्य लोगों द्वारा पटवारियों पर हमला कर दिया गया था। पटवारियों द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए सीमांकन कार्य को रूकवा दिया गया। पटवारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ बागबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 294,506,323 एवं 353 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही थी। उधर एफआईआर दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इससे आक्रोशित पटवारियों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बागबहार थाना का घेराव करने की घोषणा की गई है। इसे लेकर राजस्व पटवारी संघ द्वारा कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है जिसमें दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बागबहार थाने का घेराव करने की और 4 जुलाई से कलम बंद हड़ताल करने की बात कही गई है। पटवारियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी तत्काल हरकत में आई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जाने लगे। शुक्रवार को बागबहार पुलिस को इस मामले में पहली सफलता मिली है। थाना प्रभारी जनकराम कुर्रे ने बताया कि आरोपियेां में से एक महेन्द्र पिता लीलाराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को सतर्क कर दिया गया है वहीं पुलिस संदिग्ध स्थानों पर दबिश भी दे रही है। इसी क्रम में महेन्द्र को पत्थलगांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा भी दिलाया है।


