तमनार. वर्ल्ड रिकार्ड जितना भारी शब्द है उसके पीछे की लगन और मेहनत भी भारी होती है यह वर्षों की तपस्या व समर्पण से ही संभव हो सकता है । परंतु सुदूर ग्रामीण अंचल में बसे तमनार अंतर्गत आमगॉंव के साहित्यकार गुलशन खम्हारी और डॉ0 तेजराम नायक जी ने इसे बौना साबित कर दिया, जिन्हें छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन पुस्तक के सहभागिता हेतु दो-दो गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड से सम्मानित किया गया । इस आयोजन का साक्षी रायपुर स्थित वृंदावन हॉल बना जहॉं प्रदेश के यशस्वी संस्कृति व खाद्य मंत्री माननीय श्री अमरजीत भगत जी अनुशंसा पर पूर्व सांसद नंद कुमार साय,गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष दुधाधारी मठ के महंत डॉ० राजे श्री रामसुंदर दास ,विशिष्ट अतिथि पूर्व राजभाषा आयोग अध्यक्ष श्री विनय कुमार पाठक जी ,कुलपति मेट्स विश्व विद्यालय डॉ०गजराज पगरिया जी , डॉ०अनिल भतपहरी सचिव राजभाषा आयोग छत्तीसगढ़,डॉ० माणिक विश्वकर्मा नवरंग, डॉ०स्नेहलता पाठक, डॉ०लखन पड़रिया वरिष्ठ साहित्यकार छत्तीसगढ़ शामिल हुए ।

आपको बता दें “छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन ग्रंथ” जो एक विशाल छंदमयी साझा संकलन है, जिसमें 1007 पृष्ठ हैं एवं छत्तीसगढ़ के 72 विषयों के साथ साथ 117 प्रकार के छंदों में विषयों को छंदबद्ध किया गया है। छत्तीसगढ़ एवं विभिन्न राज्यों के साहित्यकारों ने अपना अमूल्य योगदान देकर इस ग्रंथ को मूल रूप दिया है।यह अनमोल ग्रंथ छत्तीसगढ़ के लिए एक वरदान सिद्ध होगा।शिक्षा की दृष्टि से छात्र छात्राएँ इसका अध्ययन कर लाभान्वित होंगे। इस किताब को बनाने में छत्तीसगढ़ की तीन बेटियों सुकमोती चौहान,आशा आजाद व माधुरी मुदिता ने अहम योगदान दिया है।
इस ग्रंथ में गुलशन खम्हारी ने आदिवासी संस्कृति को पंचचामर,विद्युन्माला,घनाक्षरी, दोहा,रोला जैसे छंदों से सजाया है ,वहीं डॉ.तेजराम नायक ने छत्तीसगढ़ की गोंड,उरांव, कंवर, बैगा जैसे जनजातियों को रीति रिवाज व लोक नृत्य सहित दोहा,रोला व चौपाई छंदों से सुसज्जित किया है ।
इसके पूर्व विदित हो कि गुलशन खम्हारी को कृति कला साहित्य संस्थान ने अक्षर साहित्य जैसे मूर्धन्य सम्मान से व तेजराम नायक जी को साहित्य संगम संस्थान दिल्ली ने विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि से सम्मानित किया है ।
दोनों साहित्यकारों के साहित्य साधना को पूरे अंचल से सराहा जा रहा एवं बधाईयों का तांता लगा हुआ है,जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है, यह जानकारी बाल कवि प्रमोद सोनवानी जी ने दिया है ।

