रायगढ़ शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। लंबे समय से बंद पड़ी शनि मंदिर जाने वाली सड़क को बुधवार को ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। चक्रपथ के ऊपर स्थित 100 साल पुराने ब्रिज के स्थान पर नए ब्रिज के निर्माण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा था। बुधवार को शनि मंदिर के पास गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया, जिससे शहीद चौक से लेकर जेल कॉम्प्लेक्स और शनि मंदिर जाने वाला मार्ग अब सुचारु रूप से चालू हो गया है।
ब्रिज निर्माण के अंतर्गत चक्रपथ पर पुराने गर्डर को हटाकर नए गर्डर लगाए जा रहे हैं। गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक यह काम भी पूर्ण हो जाने की संभावना जताई गई है। इसके पश्चात इस मार्ग से भी ट्रैफिक को अनुमति दी जाएगी। बड़े-बड़े क्रेनों का उपयोग कर गर्डर लगाए गए थे, जिन्हें हटाने का काम भी शीघ्र किया जाएगा ताकि ट्रैफिक व्यवस्था जल्द सामान्य हो सके।
बुधवार को जूटमिल ओवरब्रिज और चक्रधर नगर रेलवे फाटक से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर भारी भीड़ देखी गई। इस कारण ट्रैफिक विभाग के कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डटे रहे।
रेल यात्रियों को भी बड़ी राहत
शहरवासियों के साथ-साथ रेल यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा रूट पर चौथी रेलवे लाइन के निर्माण और गर्डर कार्य के कारण 11 से 24 अप्रैल के बीच छत्तीसगढ़ होकर गुजरने वाली 36 ट्रेनों को रद्द किया गया था। अब यह ट्रेनें 25 अप्रैल से पुनः शुरू कर दी जाएंगी।
इसके अलावा हावड़ा-मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन 14-14 दिन, और मुंबई-हावड़ा-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस 8-8 दिन डायवर्टेड रूट से चलाई गई थीं। वहीं, बिलासपुर-झारसुगुड़ा रूट पर चलने वाली जेडी ट्रेन 45 दिनों तक आधे रास्ते तक ही चलाई जा रही थी।
हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस भी 10 दिन तक रद्द रही, जिसे अब फिर से नियमित किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इन कार्यों के पूरे होने से अब रायगढ़ शहर में न केवल सड़क मार्ग से यातायात आसान होगा, बल्कि रेलवे यात्री भी फिर से समय पर अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।

