छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई है। शुक्रवार को शोभा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सर्चिंग पर निकली पुलिस और सुरक्षा बल की संयुक्त टीम पर घात लगाए नक्सलियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक वर्दीधारी नक्सली मौके पर ही मारा गया।
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम नियमित गश्त पर थी। जैसे ही टीम जंगल के भीतर पहुंची, नक्सलियों ने घात लगाकर गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से सर्चिंग दल चौंक जरूर गया, लेकिन जवानों ने संयम और साहस दिखाते हुए स्थिति को काबू में लिया। दोनों ओर से चली गोलीबारी में एक नक्सली मारा गया, जबकि अन्य नक्सली अंधेरे और जंगल की आड़ में भाग निकले।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल), दैनिक उपयोग की सामग्री, और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। इन सामानों से यह स्पष्ट हो रहा है कि नक्सली उस क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे और किसी बड़ी साजिश की तैयारी कर रहे थे। बरामद सामानों की जांच से इस मुठभेड़ से जुड़े और भी सुराग मिलने की संभावना है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों की सतर्कता और रणनीतिक जवाब ने एक बड़ी क्षति से सुरक्षा बलों को बचा लिया। उन्होंने यह भी बताया कि इलाके में अभी और नक्सलियों के छिपे होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि भागे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके और किसी भी संभावित हमले को रोका जा सके। मारे गए नक्सली की पहचान की प्रक्रिया जारी है, और आने वाले दिनों में इस ऑपरेशन से जुड़े और भी अहम जानकारियाँ सामने आने की उम्मीद है।


