रायगढ़. सोमवार को अशर्फी देवी महिला अस्पताल संचालन समिति की बैठक कलेक्टर भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कलेक्टर ने अस्पताल की मूल भावना के अनुरूप पुराने भवन के स्थान पर नए भवन बनने पर महिलाओं के इलाज एवं प्रसव की सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय उद्योगपति संजय अग्रवाल द्वारा पुराने जर्जर भवन के स्थान पर नया भवन बनाने की इच्छा व्यक्त करने पर उन्हें नया भवन निर्माण करने की भी अनुमति प्रदान की। अस्पताल में महिलाओं के लिए इलाज की व्यवस्था होगी तथा लेबर रूम सहित प्रसव केन्द्र संचालित किया जाएगा। भवन पूर्ण होने पर महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने अस्पताल परिसर में नए भवन बनाए जाने के दौरान मरीजों और परिजनों के नाश्ते के लिए कैंटीन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल के लिए एक नई एम्बुलेंस स्थानीय उद्योग के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और अस्पताल परिसर में रेडक्रॉस दवाई दुकान प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की। कलेक्टर ने रेडक्रॉस समिति को दवाइयों के बकाया भुगतान करने की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी डॉ. पटेल को पिछले 6 माह में अस्पताल में प्राप्त होने वाली राशि तथा अस्पताल संचालन एवं प्रभारी चिकित्सक तथा स्टाफ को दिए जाने वाले वेतन पर व्यय की गई राशि का पूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे अस्पताल संचालन और प्राप्त राशि का आकलन कर वेतन बढ़ाए जाने का निर्णय आगामी बैठक में लिया जाएगा। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर के बाहर अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम रायगढ़ को निर्देशित किया जिससे बाहर से आने वाले वाहनों तथा मरीजों के आवागमन में सुविधा हो।
25 मरीज की ओपीडी, डेढ़ लाख की मासिक आय
बैठक में अस्पताल के प्रभारी डॉ. रूपेन्द्र पटेल ने जानकारी दी कि अस्पताल में प्रतिमाह 1.25 लाख से 1.5 लाख रुपए तक कुल आय प्राप्त होती है जिसमें से 60 से 70 हजार रूपए तक अस्पताल संचालन में व्यय हो जाते है। वर्तमान में अस्पताल के पास दो बैंक एकाउण्ट में अलग-अलग लगभग 22 लाख रुपए एवं 8 लाख रुपए उपलब्ध है और रेडक्रास समिति को लगभग 3 लाख रुपए का भुगतान किया जाना शेष है। डॉ.पटेल ने बताया कि अस्पताल में कुल 40 बेड उपलब्ध हैं जिसमें से आधे बेड नियमित भरे रहते है और प्रतिदिन लगभग 25 मरीज ओपीडी में आते है। बैठक में एडीएम राजेन्द्र कटारा, पीडब्ल्यूडी के ईई, एसडीएम रायगढ़, डीपीएम उपस्थित थे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

