बलरामपुर-रामानुजगंज. बुधवार की रात एक दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बीती रात सनवाल थाना क्षेत्र के ग्राम लिबरा में पुलिस और वन विभाग की टीम अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान, अवैध रेत खनन कर रहा ट्रैक्टर पुलिस की एक आरक्षक, शिवबचन सिंह (43 वर्ष), को जोरदार टक्कर मारते हुए भागने लगा। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उनकी मृत्यु हो गई।
घटना का विवरण
रात करीब 11 बजे का समय था, जब वन विभाग की टीम के साथ चार आरक्षक ग्राम कुशफर में अवैध अतिक्रमण और रेत खनन के विरुद्ध कार्रवाई कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पंचनामा आदि पूरा कर टीम आगे बढ़ रही थी कि तभी लिबरा के कन्हर नदी से अवैध रेत उत्खनन कर रहे ट्रैक्टर को देखा गया। जैसे ही ट्रैक्टर टीम को देखकर भागने लगा, आरक्षक शिवबचन सिंह ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन न रुकने पर, चालक ने ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।
रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ने लगी, और उन्हें रामानुजगंज के बिस्तर अस्पताल लाया जा रहा था। उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिव्याकांत पांडे तुरंत मौके पर पहुंचे और इस हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अवैध रेत खनन के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है।


