रायगढ़. सोमवार को राजस्व और माइनिंग विभाग की टीम ने क्रशर और लाइमस्टोन के खदानों पर दबिश दी। यहां जांच में अफसरों को रायगढ़ मिनरल्स में स्टॉक की गड़बड़ी, पर्यावरण नियमों का उल्लंघन और रायल्टी संबंधित गड़बड़ियां मौके पर मिली। मौके पर एसडीएम ने क्रशर सील करने के निर्देश दिए। सारंगढ़ एसडीएम एनके चौबे और माइनिंग इंस्पेक्टर उमेश भार्गव ने साल्हेओना में कमल शर्मा के रायगढ़ मिनरल्स में जांच की। जांच में स्टॉक में गड़बड़ी मिली, वहीं नजदीक में संचालित चूना भट्ठा में भी गाड़ी क्रमांक सीजी 13 एक्स 3575 में डोलोमाइट की डस्ट सप्लाई करते पकड़ा गया। मौके पर क्रशर संचालक द्वारा पर्यावरण नियमों का भी कोई पालन नहीं किया जा रहा था। टीम ने गाड़ी जब्त कर सरिया पुलिस के सुपुर्द कर एसडीएम ने क्रशर सील करने के निर्देश दिए।
हिलब्रो लाइम स्टोन से निकल रही गाड़ी में ओवर लोडिंग
वहीं हिलब्रो कंपनी की लाइम स्टोन माइंस में दबिश दी। यहां से एक वाहन क्रमांक सीजी 13 यूई 1224 को निकलते हुए टीम ने पकड़ा। पूछताछ में वाहन चालक द्वारा दिखाई गई रॉयल्टी पर्ची में चूना पत्थर की 30 टन मात्रा दर्ज थी। गाड़ी को धर्मकांटा में नाप कराया गया तो मात्रा 37 टन निकली। गाड़ी को टीम ने चंद्रपुर थाने के सुपुर्द किया है।

