बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब सेवन और वितरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी केशर पराग के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशा करने या कराने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
थाना सुहेला अंतर्गत ग्राम हिरमी में लगातार अवैध शराब की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आबकारी अधिनियम की धारा 36(C) के तहत कुल पाँच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में आरोपी मौके पर ही अवैध शराब पीते या दूसरों को पिलाते हुए पकड़े गए।
पहला मामला ग्राम हिरमी का है, जहां श्रीनेश्वर मार्कण्डेय उर्फ सिन्नी (उम्र 25 वर्ष), निवासी रानीजरौद को शराब की अवैध व्यवस्था करते हुए पकड़ा गया।
दूसरे मामले में गोविंद प्रसाद साहू (उम्र 32 वर्ष), पिता जीवनलाल वर्मा को हिरासत में लिया गया, जो सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर रहा था और दूसरों को भी पिला रहा था।
तीसरे आरोपी प्रदीप साहू (उम्र 36 वर्ष) को भी अवैध शराब पीते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया।
चौथा मामला लखन लाल साहू (उम्र 38 वर्ष) के विरुद्ध दर्ज किया गया है, जो शराब वितरण करते हुए पकड़ा गया।
पाँचवां मामला दिलीप साहू (उम्र 41 वर्ष) का है, जो शराब पिलाने की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
इन सभी मामलों में रिपोर्ट थाना प्रभारी की टीम के सदस्यों – बिरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक 464 पुरेन्द्र साहू, और प्रधान आरक्षक 98 संतोषी वर्मा द्वारा दर्ज की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए न्यायिक कार्यवाही की जा रही है।
थाना प्रभारी केशर पराग ने स्पष्ट कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और सेवन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ सहयोग करें और ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। अवैध शराब के खिलाफ अभियान भविष्य में भी सतत जारी रहेगा।

