रायपुर. राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपति की उनके ही घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत फैल गई है, वहीं पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
मृतकों की पहचान भूखन ध्रुव (उम्र 62 वर्ष) और उनकी पत्नी रूखमणी ध्रुव (उम्र 60 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपने घर में अकेले रहते थे। सुबह जब आसपास के लोगों ने उनके घर से कोई हलचल नहीं देखी, तो शक के आधार पर दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जिसे खोलने पर घर के भीतर दोनों की खून से लथपथ लाशें मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस को खबर दी गई।
घटना की जानकारी पर अभनपुर थाना पुलिस, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एफएसएल यूनिट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और एसीसीयू टीम घटनास्थल पर पहुंची। घर को सील कर दिया गया है और सभी संभावित सुरागों को जुटाया जा रहा है। शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि यह हत्या किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति ने की हो सकती है और वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है और दोनों की गर्दन पर गहरे कट के निशान हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। न ही अभी तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी हो सकी है। पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है—चाहे वह रंजिश, चोरी, पारिवारिक विवाद या संपत्ति विवाद से जुड़ा हो। अधिकारियों ने जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई है।
गांव में इस बर्बर हत्या के बाद भय और सन्नाटा व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों को जल्द पकड़ने और कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले को उच्च प्राथमिकता में लेते हुए सघन जांच में जुटी हुई है।

