कोरबा. कटघोरा विकासखंड अंतर्गत आने वाले एसईसीएल के ढेलवाडीह सह बगदेवा काॅलोनी में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन ने 20 अक्टूबर से कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। काॅलोनी के मुख्य गेट को बंद करने और सुरक्षा कर्मी की तैनाती के साथ ही काॅलोनी के पीछे की ओर सरस्वती स्कूल के निकट व बगदेवा काॅलोनी के रास्ते को लोहे के पाइप वेल्डिंग कर बैरिकेडिंग करते हुए पूरी तरह बंद कर दिया गया था। लेकिन सोमवार को कोरोना संक्रमित एक किशोर के आत्महत्या करने के बाद काॅलोनी में लोग खुलकर प्रशासन-एसईसीएल के विरोध में आ गए थे। उन्होंने उप महाप्रबंधक प्रदीप कुमार का बंगला के बाहर प्रदर्शन करते हुए कालोनी से कंटेनमेंट जोन हटाने की मांग की थी। प्रशासन की ओर से तहसीलदार रोहित कुमार ने कोरोना संक्रमण नियंत्रण का हवाला देते हुए इससे इंकार कर दिया था। लेकिन रात में कालोनी के लोगों ने पीछे की ओर दोनों रास्तों पर लगे बैरिकेडिंग तोड़ दी।
जरूरी सामान नहीं मिल रहा, नियम तोड़ने मजबूर
दैनिक भास्कर प्रतिनिधी ने जब ढेलवाडीह काॅलोनी के उक्त दोनों रास्ते के बाहर पहुंचकर वहां से आवाजाही कर रहे लोगों को कंटेनमेंट जोन के नियमों का हवाला देते हुए बाहर निकलने के संबंध में पूछा। तब लोगों ने प्रशासन-एसईसीएल पर आक्रोश जताते हुए कहा कि जब दैनिक जरूरत का सामान ही नहीं मिलेगा तो भला वे घर के अंदर कैसे रह सकते हैं। इसलिए वे नियम तोड़ने मजबूर हैं।

