October 2, 2025

विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्य सचिव

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को राज्य का अगला मुख्य सचिव नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। वे वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 सितंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। जैन को जून में रिटायर होना था, लेकिन उन्हें तीन माह का विस्तार मिला था।

लंबे प्रशासनिक अनुभव के धनी

विकासशील 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव बनेंगे। अपने करियर में उन्होंने वित्त, उद्योग, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली है। वे रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में कलेक्टर भी रह चुके हैं। जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया।

केंद्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवाएं

विकासशील लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय और स्कूली शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। हाल ही में वे एशियाई विकास बैंक (एडीबी) मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे। मार्च 2025 में केंद्र सरकार ने उन्हें सचिव/सचिव-समकक्ष ग्रेड के लिए एंपैनल किया, जिसे उनकी सीनियरिटी और अनुभव की बड़ी उपलब्धि माना गया।

मुख्यमंत्री की पहल पर वापसी

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ही विकासशील को छत्तीसगढ़ लौटाने की पहल की थी। राज्य सरकार के आग्रह पर केंद्र ने डीओपीटी के माध्यम से एडीबी को पत्र भेजा। इसके बाद उन्हें कार्यमुक्त कर 24 घंटे के भीतर ही औपचारिक विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *