अंबिकापुर। सेंट्रल जेल अंबिकापुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी सोमवार को अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना से जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कैदी मुकेश कान्त, जो हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था, बीमार पड़ने पर उसे सेंट्रल जेल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह वह बाथरूम जाने के बहाने सुरक्षा कर्मियों की निगरानी से बचकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आ गए। मणिपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद फरार कैदी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। वहीं, जेल प्रशासन ने सुरक्षा में हुई चूक की जांच शुरू कर दी है। फरार कैदी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।


