रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक्सिस बैंक की कियोस्क शाखा का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने 20 हजार रुपये नकद और सात हजार रुपये का प्रिंटर चुरा लिया। कुल मिलाकर 27 हजार रुपये की संपत्ति चोरी हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कुंजलता साह ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपनी सहयोगी प्रियंका राठिया के साथ ग्राम झगरपुर में किराये के मकान में एक्सिस बैंक पत्थलगांव शाखा से संचालित कियोस्क शाखा पिछले डेढ़ वर्ष से चला रही थीं।
कुंजलता के अनुसार, चोरी की घटना 5 अक्टूबर की रात से 6 अक्टूबर की सुबह 7 बजे के बीच हुई। जब वे शाखा पहुंचीं, तो देखा कि ताला टूटा हुआ था और अंदर से नकदी व प्रिंटर गायब थे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लैलूंगा पुलिस ने कुंजलता साह की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 380, 457 (चोरी और घर में घुसपैठ) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


