पत्थलगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम तमता घुटरापारा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी बाई (23 वर्ष) पत्नी शिवप्रसाद यादव, निवासी चट्टानपारा साजापानी (थाना कांसाबेल) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
लक्ष्मी बाई की शादी 29-30 जून 2025 को हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद रहता था। पति द्वारा मोबाइल पर बातचीत को लेकर शक जताने से घर में अक्सर कलह होती थी।
घटना से पहले 5 अक्टूबर को मृतका के पिता उसे ससुराल से मायके तमता लेकर आए थे। 6 अक्टूबर की दोपहर पिता पूजा में शामिल होने रिश्तेदार के घर गए थे, तभी शाम करीब 4 बजे पति शिवप्रसाद उसे लेने मायके पहुंचा। कुछ देर बाद जब मां सुमित्रा बाई ने बेटी को आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो लक्ष्मी बाई फांसी के फंदे पर झूलती मिली।
सूचना पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। पुलिस पति-पत्नी के विवाद और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।


