जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बॉम्बे मार्केट में बीती रात लगी भीषण आग ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच अज्ञात कारणों से “बॉम्बे शू हाउस” में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी भयावह हो गईं कि उसने आसपास की अन्य दुकानों और ठेलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी की इस घटना में तीन बड़ी दुकानें और दो ठेले पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग से प्रभावित दुकानों में चित्रा इलेक्ट्रॉनिक्स (खगेंद्र केसरवानी), कलकत्ता होजरी एवं बॉम्बे साड़ी सेल (भागवत प्रसाद थावाइत), बॉम्बे शू हाउस (राजदीप थावाइत) शामिल हैं। इसके अलावा लालू पान ठेला और साइकिल ठेला (संतोष यादव) भी पूरी तरह जल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। आग पर काबू पाने के लिए जिले के लगभग सात संस्थानों के अग्निशमन दलों को लगाया गया। इनमें छत्तीसगढ़ अग्निशमन सेवा, होमगार्ड जांजगीर टीम, न्यूको सीमेंट पावर प्लांट, केएसके पावर प्लांट, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड, और मड़वा पावर प्लांट के फायर ब्रिगेड वाहन शामिल थे। सभी दलों ने संयुक्त रूप से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
हालांकि, तब तक बाजार की तीनों दुकानों और ठेलों का करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल पुलिस ने आगजनी की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील वस्तु से आग फैली हो सकती है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन और कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
इस भीषण हादसे से क्षेत्र में आतंक और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है और लोग प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


