कोरबा. एसडीएम सुनील नायक के नेतृत्व में गठित प्रशासन की टीम ने अवैध रेत खनन व परिवहन करते 5 ट्रैक्टर को जब्त किया है। सभी के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। रेत के अवैध खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने और लोगों को रियायती दरों पर रेत उपलब्ध हो सके, इसके लिए नदी-नालों में बेतरतीब खुदाई करते खनिज संपदा का दोहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। गुरुवार देर रात करीब 3 बजे कोरबा एसडीएम नायक ढेंगुरनाला के लालघाट में अवैध रेत का उत्खनन करते एक वाहन को जब्त किया। वहीं ढेंगुरनाला से रेत चोरी कर आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर को रिसदी निर्मला स्कूल के पास टीम ने जब्त किया। इसी तरह ढेंगुरनाला से रेत चोरी कर रामपुर बस्ती से होकर खपाने निकले दो ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। दोंदरो में अवैध रेतघाट से सुबह 6 बजे एक ट्रैक्टर टीम ने जब्त किया। 24 घंटे के भीतर टीम ने 5 ट्रैक्टर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई के बाद प्रकरण खनिज विभाग को सुपुर्द कर दिया है।

