बिश्रामपुर. कुन्दा मार्ग स्थित बाबा मस्तनाथ शिवमंदिर व अम्बेडकर चौक स्थित श्री हनुमानजी मंदिर में शराब व अन्य नशा करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर पुलिस व नगर पंचायत से शिकायत की है। बजरंग दल के जिला सह संयोजक सुजीत सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि बिश्रामपुर-कुन्दा मार्ग में स्थित बाबा मस्तनाथ शिवमंदिर व अम्बेडकर चौक स्थित श्री हनुमानजी मंदिर में पिछले कई महीनों से असामाजिक तत्व रात के समय शराब व अन्य नशा करते हैं। जिससे मंदिर की पवित्रता भंग हो रही है। बजरंग दल ने कहा कि वर्तमान समय मे पुलिस महानिरीक्षक ने ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए मंदिर परिसरों में नशाखोरी करने वालों पर कार्रवाई की जाए। बजरंग दल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन अपना काम नहीं करता है तो इस प्रकरण से निपटने के लिए बजरंग दल व हिन्दू समाज को कानून अपने हाथ मे लेना पड़ेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर बजरंग दल के विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार विभाग अध्यक्ष फलेश्वर यादव, बजरंग दल के प्रहलाद निषाद, अनिल रवि, प्रियांशु सोनी, अंजीत राजपूत, यूएस राजवाड़े, किशन सिंह, नीरज राजवाड़े, अमित कुमार चौधरी, गिरिजा शंकर कसेर, अर्जुन सिंह, राजेन्द्र निषाद, आदि उपस्थित रहे।

