चांपा. बेलदारपारा चांपा में रमी खेल रहे दो युवकों ने मोहल्ले के उस युवक को मार डाला, जो मौके पर आकर उन दोनों से उलझ गया। शराब की बॉटल व लकड़ी से समारू महंत के सिर व चेहरे पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही समारू महंत की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं। चांपा टीआई राजेश चौधरी के अनुसार नगर के बेल्दार पारा में समारू महंत (50 वर्ष ) रहता था। टीआई के अनुसार समारू महंत आदतन बदमाश था। उसके खिलाफ थाना में विभिन्न अपराधों के तहत 21 मामले दर्ज हैं। वह पूर्व पार्षद मंगल महंत का बड़ा भाई था। मोहल्ले में घटना दिनांक 14 नवंबर की दोपहर दो युवक करीम और विक्का रमी खेल रहे थे। उसी समय समारू महंत मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों से उलझ गया। इससे नाराज होकर दोनों युवकों ने उसके ऊपर वार कर दिया। बताया जा रहा है कि समारू शराब के नशे में था। दो युवकों के अचानक हमले से वह खुद को संभाल नहीं पाया। परेशान युवकों ने उसके ऊपर लगातार हमला किया और मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। घटना स्थल पर ही समारू की मौत हो गई।
21 मामले दर्ज है समारू महंत के खिलाफ
टीआई राजेश चौधरी ने बताया कि समारू महंत मोहल्ले का आदतन बदमाश था। उसके खिलाफ थाना में पैसा वसूली, गुंडागर्दी, मारपीट,आबकारी सहित 21 मामले दर्ज हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

