17 नवंबर को पहुंचेगी चांपा, हावड़ा तक मिलेगी यात्रा की सुविधा
जांजगीर. त्यौहारों के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा 09481 अहमदाबाद– हावड़ा के मध्य स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी जा रही है । यह गाड़ी केवल अहमदाबाद– हावड़ा के मध्य एक फेरे के लिए चलेगी। यह गाड़ी 16 नवम्बर को अहमदाबाद से 17.15 बजे रवाना हुई तथा दूसरे दिन 17 नवंबर को गोंदिया, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा तथा रायगढ़ स्टेशनों से होकर गुज़रेगी। इस गाड़ी में ठहराव वाले स्टेशनों से हावड़ा तक की यात्रा कन्फर्म टिकट के साथ की जा सकती है। इस गाड़ी में 2 एसी थ्री, 14 स्लीपर, 4 सामान्य, 1 चेयरकार एवं 2 एसएलआर सहित 23 कोच हैं । यह गाड़ी पूरी तरह से आरक्षित है तथा केवल कनफर्म टिकट यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी ।
कोरबा-अमृतसर-बिलासपुर पूजा स्पेशल ट्रेन प्रभावित
किसान आन्दोलन के कारण 17 व 18 नवम्बर को कोरबा से छूटने वाली 08237 कोरबा – अमृतसर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन मेरठ सिटी रेल्वे स्टेशन में समाप्त होगी एवं 19 नवम्बर को अमृतसर से छूटने वाली 08238 अमृतसर – बिलासपुर त्रि – साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन अमृतसर के स्थान पर मेरठ सिटी रेल्वे स्टेशन से ही बिलासपुर के लिए रवाना होगी | ये गाडियाँ उपरोक्त तिथियों को मेरठ सिटी-अमृतसर-मेरठ सिटी के बीच रद्द रहेगी। इसी प्रकार 18 नवम्बर को दुर्ग से छूटने वाली 08215 दुर्ग-जम्मूतवी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन जम्मूतवी के स्थान पर नई दिल्ली स्टेशन में समाप्त होगी तथा नई दिल्ली – जम्मूतवी के मध्य रद्द रहेगी।
जनशताब्दी में बढ़े यात्री
दीपावली और छठ पूजा के कारण जनशताब्दी में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। ट्रेन में पहले की तरह अब यात्री यात्रा करते नजर आ रहे हैं। हालांकि रेलवे कर्मचारी अब भी सावधानी बरतते हुए प्लेटफार्म पर टिकट चेक कर रहे हैं। ट्रेन में टिकट चेक करने वाले नजर नहीं आ रहे हैं। ट्रेन में सोशल डिस्टेंसिग का भी पालन नहीं हो रहा है। यात्रियों को आम दिनों की तरह ही बैठाया जा रहा है। इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा हमेशा बना रहता है। कई यात्री मास्क भी नहीं लगा रहे हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

