सिवनी-चांपा. ग्राम सिवनी चांपा निवासी दो परिवार के सदस्य बोरिंग की रिपेयरिंग करते समय हाइटेंशन तार की चपेट में आकर झुलस गए। रायपुर के इलाज के दाैरान एक की माैत हाे गई। कोरबा रोड चांपा में बोरिंग खुदाई के दौरान सिवनी निवासी चमरू बरेठ के पुत्र देवा बरेठ और उसका सहयोगी धनेश्वर बरेठ पिता बुधवार बरेठ हाइटेंशन तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से दोनों बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए एनकेएच चांपा में भर्ती कराया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर बिलासपुर के निजी हॉस्पिटल में रैफर किया गया। वहां इलाज कराने के बाद उन्हें डीकेएस हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान देवा बरेठ की मौत हो गई वहीं धनेश्वर बरेठ के दोनों हाथ और एक पैर कट गए। जनपद उपाध्यक्ष नम्रता नामदेव ने विधायक व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को इस संबंध में जानकारी दी। विस अध्यक्ष डॉ महंत ने देवा बरेठ के परिवार को 20 हजार रुपए एवम धनेश्वर बरेठ को 10 हजार रुपए आर्थिक सहायता राशि दी है। राशि देने जनपद उपाध्यक्ष के साथ सरपंच लखेकुमारी राठौर, भागवत साहू, दीपक बरेठ, राघवेन्द्र नामदेव, चंद्रकुमार राठौर ,मनीष राठौर, रामकुमार देवांगन, संतोष बरेठ उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर

